प्रतापपुर के विद्यासागर सिंह आयाम बने प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री, क्षेत्र में खुशी की लहर

प्रतापपुर/सूरजपुर। प्रतापपुर क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी श्री विद्यासागर सिंह आयाम को अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश आदिवासी कांग्रेस का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति 29 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के तहत की गई।

जारी नियुक्ति सूची के अनुसार, प्रदेश संगठन को मजबूत बनाने और आदिवासी समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं। इसी क्रम में प्रतापपुर के श्री विद्यासागर सिंह आयाम को प्रदेश महामंत्री के पद पर नियुक्त किया गया है।

श्री आयाम लंबे समय से कांग्रेस संगठन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी संगठन क्षमता एवं सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

उनकी नियुक्ति से प्रतापपुर, सूरजपुर सहित पूरे सरगुजा संभाग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में आदिवासी समाज के मुद्दों को प्रदेश स्तर पर और मजबूती से उठाया जाएगा।

Leave a Comment